नूपुर शर्मा को धमकी देने वाले चिश्ती का हमदर्द बन रहे DSP पर गिरी गाज, हुए लाइन हाजिर

Summary :

नूपुर शर्मा को धमकी देने वाले आरोपी सलमान चिश्ती को बचने की सलाह दे रहे पुलिस अधिकारी पर प्रशासन की गाज गिरी है। प्रदेश सरकार ने डीएसपी संदीप सारस्वत को लाइन हाज़िर कर दिया है।

नूपुर शर्मा को धमकी देने वाले आरोपी सलमान चिश्ती को बचने की सलाह दे रहे पुलिस अधिकारी पर प्रशासन की गाज गिरी है। प्रदेश सरकार ने डीएसपी संदीप सारस्वत को लाइन हाज़िर कर दिया है। दरअसल, सलमान को गिरफ्तार करके ला रही पुलिस का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस उसे समझाती नजर आ रही है कि ‘तुम यही कहना कि नशे में थे, ताकि तुम्हारा बचाव हो सके।’
बता दें कि नूपुर शर्मा पर विवादित टिप्पणी और धमकी देने के बाद सलमान चिश्ती को पुलिस ने मंगलवार रात उसके घर से गिरफ्तार किया था। पुलिस जब सलमान चिश्ती को घर से लेकर बाहर निकली तो साथ में दरगाह सीओ संदीप सारस्वत भी साथ थे। 
उसी दौरान सलमान चिश्ती से पूछा गया कि कौन सा नशा करता है तो उसने कहा कि वह नशा नहीं करता है। इस पर अधिकारी को यह सुनते हुए पाया गया कि ‘बोल देना कि नशे में था, ताकि बचाया जा सके।’ वीडियो वायरल होने के बाद गहलोत सरकार ने एक्शन लेते हुए डीएसपी संदीप सारस्वत को लाइन हाज़िर कर दिया।
BJP नेता अमित मालवीय का ट्वीट 
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने ट्वीट किया है और कहा कि इस वीडियो में अशोक गहलोत की पुलिस सलमान चिश्ती को नुपुर शर्मा का सिर कलम का वीडियो करने पर यह सिखाती है कि उसने नशे की हालत में बयान दिया था, ताकि उसे (सलमान) बचाया जा सके। क्या कांग्रेस के शासन में हिंदू जीवन मायने रखता है? राजस्थान पुलिस उदयपुर की घटना को भी टाल सकती थी।


एक ओर जहां कन्हैयालाल की हत्या के बाद सरकार भड़काऊ भाषणबाजी पर ऐक्शन ले रही है तो दूसरी तरफ पुलिस अधिकारी के इस तरह आरोपी से हमदर्दी दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बीजेपी नेताओं ने इस वीडियो को शेयर करते हुए सरकार पर तुष्टिकरण के आरोप लगाए और इसे एक सबूत बताया। 

Desk Team