बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के अतिक्रमण के समर्थन में दिये बयान के विरोध में जयपुर जिला कांग्रेस कल सभी वार्डों में उनका पुतला जलाएगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं जयपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक अशोक परनामी का अतिक्रमण के बारे में यह बयान ‘उच्च न्यायालय की रोक पर हम आंख बंद कर लेंगे आप तो काम शुरू करो’ न्यायपालिका का अपमान है।
इसके लिए परनामी को माफी मांगनी चाहिए। वे जब तक माफी नहीं मांगेंगे तब तक कांग्रेस आन्दोलन जारी रखेगी। श्री खाचरियावास ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा एक जमीन पर यथास्थिति के आदेश के बावजूद श्री परनामी ने अतिक्रमण करने वालों को उकसाने वाला यह बयान दिया था।
उन्होंने कहा परनामी के इस बयान से स्पष्ट है कि चार साल के वसुंधरा सरकार के शासन में जितने भी कार्य हुए हैं वे सभी संदेह के घेरे में है।
खाचरियावास ने कहा सरकार के हर मुद्दे पर स्पष्टीकरण प्रदेश अध्यक्ष परनामी देते रहे हैं लेकिन वे अपने खुद के बयान पर स्पष्टीकरण देने से कतरा रहे हैं। अब सरकार को आगे आकर इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस न्यायपालिका के अपमान को लेकर कल दोपहर 12 बजे सभी इक्यानवे वार्डों में पुतले जलाकर विरोध प्रकट करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



