राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक व्यक्ति को चिकित्सा की उत्तम सुविधा मिले, इसके लिए सरकार राइट टू हेल्थ बिल पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बिल को राज्य में लागू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना की दुनियाभर में सराहना की गई है। वर्तमान में लगभग 17 राज्यों ने इस योजना से प्रेरित होकर अपने यहां योजनाएं लागू कर रखी हैं।
गहलोत ने रविवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल व स्वास्थ्य, सरकार की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें हृदय रोग, कैंसर व किडनी जैसे रोगों के इलाज के लिए भी दवाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी के लिए हृदय रोगों का उपचार कराना मुश्किल कार्य होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने श्री सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल राजकोट व अहमदाबाद के साथ एमओयू किया है। उन्होंने कहा कि इसके तहत राज्य के हृदय रोगियों का निःशुल्क इलाज अहमदाबाद व राजकोट स्थित सत्य साई हार्ट हॉस्पिटल में हो सकेगा।
मरीजों व उनके परिजनों को आवागमन के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच हजार रुपये की सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र में काम कर रहे निजी संस्थानों से अपील की कि वे चिकित्सा सेवा को व्यापार नहीं बनाकर इसे मानव सेवा का साधन बनाएं।


Download Android App
Download iOS App



