मॉडलिंग की दुनिया से अपने करियर की शुरूआत करने वाली नुसरत जहां ने अभिनेत्री के तौर पर विशिष्ट पहचान बनायी और अब वह संसद पहुंचने में भी कामयाब हो गयी है।

नुसरत जहां का जन्म पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 08 जनवरी 1990 में हुआ था। नुसरत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आवर लेडी क्वीन ऑफ द मिशन स्कूल से हासिल की। इसके बाद भवानीपुर कॉलेज से उन्होंने कॉमर्स में स्नातक किया।

उन्होंने वर्ष 2010 में ब्यूटी कॉन्टेस्ट फेयर-वन मिस कोलकाता जीता था। इसी के बाद उन्होंने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की। मॉडलिंग के साथ एक्टिंग में भी नुसरत हाथ आजमाना चाहती थी।

नुसरत जहां ने वर्ष 2011 प्रदर्शित राज चक्रवर्ती के निर्देशन में बनी बंग्ला फिल्म शोत्रु से डेब्यू किया। इस फिल्म में उन्होंने पूजा नाम की एक लड़की का किरदार निभाया था। इस फिल्म में नुसरत के काम की काफी सरहाना भी हुई थी।

इसके बाद नुसरत जहां ने खोका 420, ‘बोलो दुर्गा माई की’, ‘हर हर ब्योमकेश’, ‘जमाई 420’ नकाब, क्रिसक्रॉस, लव एक्सप्रेस, खिलाड़ी,योद्धा, वन, अमी जे के तोमार जैसी कई फिल्मों में अपने अभिनय का जौहर दिखाया।

नुसरत जहां ने इस बार लोकसभा चुनाव से राजनीति में शानदार आगाज किया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर बसीरहाट संसदीय सीट से चुनाव लड़। उनका मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी सायंतन बसु से हुआ। नुसरत ने श्री बसु को साढ़ तीन लाख से भी ज्यादा वोटों से मात दी।

नुसरत सोशल मीडिया पर भी बेहद पॉपुलर हैं और अक्सर अपनी ग्लैमरस फोटोज शेयर करती रहती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 13 लाख प्रशंसक हैं। ऐसी संभावना जतायी गयी है कि नुसरत जल्द ही कोलकाता के बिजनेसमैन निखिल जैन से शादी कर सकती हैं।


Download Android App
Download iOS App



