राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत पर सत्ता का दुरुपयोग कर एफआईआर दर्ज कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को सरकार गिराने के प्रयास की बजाए प्रदेश की जनता से किए वादों के साथ लोगों के लिए पीने का पानी का इंतजाम करना चाहिए।
डोटासरा ने आज बीकानेर दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा कि प्रदेश में गर्मी का सितम शुरु हो चुका है और राज्य की जनता अभी प्यासी है। गजेन्द्र सिंह शेखावत को जब यहां की जनता ने उन्हें मत देकर मंत्री बनवाया है तो दिल्ली में एफआईआर दर्ज क्यों करायी।
उन्होंने कहा कि सरकार गिराने का प्रयास नहीं करते हुए उन्हें यहां की जनता से किए वादों के साथ लोगों के लिए पीने का पानी का इंतजाम करना चाहिए। चूंकि वे खुद जलशक्ति मंत्री है इसलिए इंदिरा गांधी नहर बंदी के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में जल संकट खड़ा होने वाला है। ऐसे में जल आपूर्ति में राज्य को सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आठ महीनों बाद दिल्ली में एफआईआर दर्ज करायी है जिसका कोई मतलब नहीं। एक प्रश्न के जवाब में डोटासरा ने कहा कि केंद्र नीत बीजेपी पूरे देशभर में डरा धमकाकर वोट बटोर रही है। संविधान कहता है कि कोई भी चुनाव लड़ सकता है। लेकिन बीजेपी एक व्यक्ति को चुनाव नहीं लड़ने दे रही। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राज्य में हो रहे उपचुनाव की सभी सीटों पर कांग्रेस जीतेगी।


Download Android App
Download iOS App



