बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं अलवर जिला प्रभारी अखिल शुक्ला ने बीजेपी को अनुशासित पार्टी बताते हुए कहा है कि इसमें अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अखिल शुक्ला आज यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। अलवर जिले के रामगढ़ से विधायक ज्ञानदेव आहूजा के नेतृत्व परिवर्तन के बयान पर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है और न ही किसी कार्यकर्ता या नेता को पार्टी से ऊपर समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ज्ञानदेव आहूजा द्वारा दिए गए बयान पार्टी आलाकमान की जानकारी में है और विचार विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके बयानों की जांच होगी और सबका पक्ष सुना जाएगा और अनुशासन के तहत ही पार्टी अपना काम करेगी।
उधर राज्य के श्रम मंत्री और बीजेपी के अलवर लोकसभा उपचुनाव में प्रत्याशी रहे डॉ़ जसवंत सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से अच्छा कोई मुख्यमंत्री नहीं है और न ही होगा। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में ही भाजपा पुन: सत्ता में आ सकती है।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानदेव आहूजा का एक ऑडियो वायरल होने की बात सामने आई है जिसमें उन्होंने कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन नहीं किया गया तो पार्टी की हालत बुरी होने वाली है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



