राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोविड प्रोटोकॉल की पालना में लापरवाही के कारण दुनिया के कई देशों में कोविड रोगियों की संख्या फिर से बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों में भी वायरस की सक्रियता बनी हुई है और वहां सरकारों ने संक्रमण रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक उपाय लागू किए हैं। ऎसे में हमें लगातार सावधानी बरतनी होगी तथा कोविड प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना सुनिश्चित करनी होगी। तभी हम तीसरी लहर के प्रकोप से सुरक्षित रह पाएंगे।
गहलोत बृहस्पतिवार को प्रदेश कोविड संक्रमण तथा टीकाकरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि कोविड टीके की दूसरी खुराक लगाते समय वही दवा दी जाए जो पहली खुराक के समय दी गई थी। इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।


Download Android App
Download iOS App



