Jaipur Thar Hit And Run Case: जयपुर में लापरवाही से गाड़ी चलाने का एक और मामला सामने आया है। बुधवार को एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार थार एसयूवी से एक्सीडेंट के बाद 18 साल की लड़की की मौत हो गई, जिसका नाम अनाया शर्मा बताया जा रहा है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी गुस्सा फैल गया।
Jaipur Thar Accident: दौड़ लगाते समय SUV ने मारी टक्कर
झुंझुनूं की रहने वाली अनाया शर्मा अपनी बहन के साथ जयपुर में रह रही थीं और भारतीय वायुसेना की शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। अपनी ट्रेनिंग के तहत वह रोज सुबह दौड़ लगाने जाती थीं। बुधवार सुबह अनाया अपनी बहन के साथ एक्सप्रेसवे के शांति बाग इलाके में दौड़ रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार काली थार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थार चालक मौके से फरार

पुलिस के मुताबिक, अनाया को टक्कर मारने के बाद थार चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने आगे सड़क पर एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी। बाद में चालक ने थार एसयूवी को दादी का फाटक के पास छोड़ दिया और पैदल ही फरार हो गया।
Teen Girl Anaya Sharma Death: फरार चालक की तलाश जारी

एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जो अंतिम संस्कार के लिए उसे अपने गांव ले गए हैं। थार एसयूवी को जब्त कर लिया गया है। कर्धनी थाना में मामला दर्ज किया गया है पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार चालक की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर तेज और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: राजस्थान हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 1 फरवरी से हाथ से लिखी MLC और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर प्रतिबंध


Download Android App
Download iOS App




