कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल जयपुर पहुंच रहे हैं, गहलोत समर्थक विधायकों से करेंगे मुलाकात

Summary :

राजस्थान में सियासी संकट के खत्म होने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल बुधवार रात जयपुर पहुंच रहे हैं और वह बृहस्पतिवार को पार्टी के विधायकों के साथ मुलाकात करेंगे।

राजस्थान में सियासी संकट के खत्म होने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल बुधवार रात जयपुर पहुंच रहे हैं और वह बृहस्पतिवार को पार्टी के विधायकों के साथ मुलाकात करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 14 अगस्त से आरंभ हो रहे विधानसभा सत्र से पहले वेणुगोपाल विधायकों से बातचीत करेंगे। 
माना जा रहा है कि सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों की वापसी से नाराज बताए जा रहे अशोक गहलोत समर्थक कई विधायकों से भी वह बातचीत करेंगे। इस बीच, कांग्रेस व उसके समर्थक विधायक बुधवार दोपहर को जैसलमेर से जयपुर पहुंच गए। कांग्रेस व उसके समर्थक विधायक कई दिन से जैसलमेर के एक होटल में रुके हुए थे। वे एक विमान से बुधवार दोपहर जयपुर पहुंचे। 
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के अनुसार, विधायक जयपुर के उसी होटल में रहेंगे जहां वे पहले रुके थे। वहीं पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उल्लेखनीय है कि विधानसभा का सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। 

Ujjwal Jain