राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद ने आज राजस्थान के सांसदों और विधायकों से मुलाकात कर उनसे समर्थन देने का आग्रह किया।
श्री कोविंद राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के लिये आज यहां पहुंचे जहां राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनका स्वागत किया। उनके साथ केन्द्रीय मंत्री वैकेंया नायडू एवं भारतीय जनता पार्टी के महासचिव भूपेन्द्र यादव भी मौजूद थे।
श्री कोविंद हवाई अड्डे से मुख्यमंत्री के साथ सीधे सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर पहुंचे जहां लगभग आधे घंटे तक उन्होंने अकेले में श्रीमती राजे से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने पार्टी विधायकों के साथ ही जमींदारा पार्टी के विधायकों से भी मुलाकात कर राष्ट्रपति चुनावों के संबंध में चर्चा की।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश खन्ना, संगठन मंत्री वी सतीश, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



