सीकर में किसानों के समर्थन में बंद रहे बाजार

Summary :

NULL

सीकर : (राजस्थान) स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करवाने और किसानों के कर्जे माफ करवाने की मांग को लेकर चल रहे आन्दोलन के समर्थन में सीकर समेत कई कस्बों के बाजार आज बंद रहे। बंद का आहवान अखिल भारतीय किसान सभा ने किया है। अखिल भारतीय किसान सभा के आहवान पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में सीकर के अलावा लक्ष्मणगढ़, रानोली, पलसाना, रींगस, नीमकाथाना, खंडेला सहित सभी प्रमुख कस्बो में व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को बंद से अलग रखा गया।

व्यापार महासंघ, जिला बार एसोसिएशन, सहित दर्जन भर से ज्यादा संगठनों ने बंद को समर्थन दिया है। अखिल भारतीय किसान सभा के नेता पूर्व विधायक अमरा राम ने जिला प्रशासन को बातचीत के लिए शाम तक का समय दिया है इसके उपरान्त सभा पदाधिकारी बैठक कर आन्दोलन के अगले चरण पर विचार विमर्श कर ऐलान करेंगे। इधर जिला प्रशासन ने बंद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये हैं। एहतियात के तौर पर सीकर और बंद प्रभावित कस्बों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

Desk Team