विवाहिता ने आग लगाकर आत्महत्या की, पति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

Summary :

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक विवाहिता ने कथित तौर पर खुद पर तेल डालकर आग लगा ली। घटना के दौरान वहां मौजूद उसके पति ने इसका वीडियो बनाया और अपने ससुराल वालों को भेज दिया।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक विवाहिता ने कथित तौर पर खुद पर तेल डालकर आग लगा ली। घटना के दौरान वहां मौजूद उसके पति ने इसका वीडियो बनाया और अपने ससुराल वालों को भेज दिया। इस मामले में में पति, ससुर, देवर, सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। 
गुढ़ागौड़जी थाने के प्रभारी देवी सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस संबंध में मृतका के भाई ने मंगलवार को अपनी बहन के पति अनिल, ससुर रामचंद्र, देवर अमित, सास बिदामी देवी, चाचा ससुर गिरधारी और उसकी पत्नी प्रेम देवी पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया। 
उन्होंने बताया कि दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 498 ए (दहेज), 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। 
सिंह ने बताया कि घटना 20 नवंबर की है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को जयपुर रेफर किया गया था जहां 22 नवंबर को उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया था। 
उन्होंने बताया कि दर्ज शिकायत के अनुसार 20 नवंबर को विवाहिता ने अपने उपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या कर ली। उसके पति ने इस घटना का वीडियो बनाकर अपने साले को भेजा और बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। 

Ujjwal Jain