राजस्थान के कोटा में नाबालिग बेटे द्वारा पिता की हत्या का मामला सामने आया है। रोज-रोज की पिटाई से तंग आकर 16 साल के बेटे ने शराबी पिता की कुल्हाड़ी से काटकर कथित रूप से हत्या कर दी। घटना उस वक़्त घटी जब घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।
इटावा थाने के एसएचओ बजरंग लाल ने बताया कि घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है जब किशोर ने घर से कुल्हाड़ी लेकर अपने पिता पर कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मरने वाला आबिद अली (45) हिस्ट्री शीटर था और उसके खिलाफ हत्या और लूट सहित 27 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कुछ मामलों में दोषी भी करार दिया गया था और उसे शराब पीने की लत थी। यह बात भी सामने आयी है कि अली नशे में अपनी पत्नी, दोनों बेटों और बेटी की पिटाई किया करता था।
एसएचओ ने बताया कि पहली नजर में मामला यह है कि 10वीं में पढ़ने वाले नाबालिग किशोर ने रोज-रोज की पिटाई से तंग आकर अपने पिता की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और अली के भाई की शिकायत पर किशोर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोर को अभी तक पकड़ा नहीं गया है।


Download Android App
Download iOS App



