कोरोना संकट में मनरेगा श्रमिकों को 200 दिन का मिलें रोजगार : पायलट

Summary :

पायलट ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर प्रदेश के 1.13 करोड़ मनरेगा श्रमिकों को राहत प्रदान करने की मांग की है

देशभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। वायरस के चलते देशभर में लॉकडाउन जारी है, जिसके चलते खासकर ग्रामीण इलाकों में और मजदूर वर्ग के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर प्रदेश के 1.13 करोड़ मनरेगा श्रमिकों को राहत प्रदान करने की मांग की है।
पायलट ने पत्र में मनरेगा में निर्धारित 100 दिवस के रोजगार को बढ़ाकर प्रति परिवार 200 दिन किए जाने की मांग करते हुए कहा कि लॉकडाउन की अवधि के दौरान अधिकतम 100 दिवस की सीमा तक मनरेगा मजदूरों को प्रतिदिन प्रति व्यक्ति पूरी मजदूरी का भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण श्रमिकों की जीवन रेखा है तथा लॉकडाउन के कारण दिहाड़ी मजदूर, लघु सीमांत किसान, कृषि श्रमिक तथा निर्माण श्रमिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसलिए वर्ष 2020-21 में प्रभावित लोगों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मनरेगा में निर्धारित 100 दिवस के रोजगार को बढ़ाकर प्रति परिवार 200 दिन किया जाए।

Desk Team