राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को विपक्ष के पीछे लगा रखा है।गहलोत ने आरोप लगाया कि बीते आठ साल में इन एजेंसियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक भी व्यक्ति पर छापा नहीं मारा जबकि बाकी लोगों पर छापे मारे जा रहे हैं।
कांग्रेस वाला हो या और कोई भी हो सब पर छापे पड़े
मुख्यमंत्री नावां (नागौर) में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘इन एजेंसियों (केन्द्रीय जांच एजेंसियों) को छोड़कर रखा है भारत सरकार ने विपक्ष के ऊपर … आयकर विभाग …सीबीआई … हमने इन पर आरोप लगाया है कि आप इन एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। आपको आठ साल में एक व्यक्ति भाजपा का नहीं मिला जबकि भाजपा तो व्यापारियों की, उद्यमियों की, पैसे वालों की पार्टी मानी जाती है…आपने किसी भाजपा वाले पर छापा नहीं डाला… बाकी शिवसेना हो, सपा हो, कांग्रेस वाला हो या और कोई भी हो सब पर छापे पड़ रहे हैं देश में।’’

तीन साल की इंटरनेट सेवा निशुल्क होगी
इसके अलावा गहलोत ने कहा कि चिरंजीवी योजना से जुड़े 1.35 लाख परिवारों की महिला मुखिया को स्मार्टफोन जल्द ही बंटने लगेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘1.35 करोड़ परिवारों की महिलाओं को स्मार्टफोन जल्द बंटने शुरू हो जाएंगे जिसमें तीन साल की इंटरनेट सेवा नि:शुल्क होगी।’’ उन्होंने कहा कि आज के समय में स्मार्टफोन का उपयोग पढ़ाई करने, दुनिया भर की जानकारी प्राप्त करने में किया जा सकता है क्योंकि जिसके पास ज्ञान है वही ज्यादा ताकतवर है।
बजट पेश किया है वित्तीय प्रबंधन मैं करूंगा
गहलोत ने कहा, ‘‘हमने हर काम इस रूप में किया जिससे राजस्थान का चहुंमुखी विकास हो और उसी दिशा में हम आगे बढ रहे हैं।’’गहलोत के अनुसार, ‘‘विधानसभा में हमारे विपक्षी साथी कहते हैं कि (गहलोत सरकार का) बजट तो बहुत शानदार है लेकिन पैसा कहां से आएगा। मैंने कहा, पैसा जादू से आएगा वो चिंता आप क्यों करते हैं। वह चिंता जादूगर करेगा। वह चिंता मैं करूंगा। मैंने बजट पेश किया है वित्तीय प्रबंधन मैं करूंगा। राजस्व कैसे बढे उसके तरीके मैं सोचूंगा।’’


Download Android App
Download iOS App



