राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलवर में दलित युवती से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया है। गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं। ऐसी बातें बोलते हैं जिनका चुनाव प्रचार से कोई संबंध नहीं है।
एक शर्मनाक घटना पर वह गलत तथ्य पेश कर रहे हैं। दो मई को जैसे ही यह घटना सामने आई तो तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई और कार्रवाई शुरू कर दी गई।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘ मोदी दलितों को भड़काने के लिए इस मामले को उठा रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक फायदा उठाने के लिए इस घटना का इस्तेमाल किया।
मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसी शर्मनाक घटना पर राजनीति करना उचित है?’’ गौरतलब है कि अलवर जिले के थानागाजी थाने में पिछले दिनों दलित युवती के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है।
अलवर की इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद इस चुनाव में यह मुद्दा बन गया। इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और साथ ही बसपा प्रमुख मायावती पर निशाना साधा था। यह पूछे जाने पर कि इस चुनाव में वह कांग्रेस की क्या स्थिति देखते हैं तो गहलोत ने कहा, ‘‘अगला प्रधानमंत्री मोदी नहीं बनने जा रहे। राजग की सरकार नहीं बनेगी। यह देश की तकदीर का फैसला होने वाला है। जनता सोच-समझकर फैसला करती है। मोदी के खिलाफ अंडर-करंट है।’’


Download Android App
Download iOS App



