राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि देश ने स्वास्थ्य देखभाल समेत कई क्षेत्रों में बड़ी प्रगति की है लेकिन सभी नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं पहुंचाने के लिए और भी काम किए जाने की जरूरत है। कोविंद ने एम्स-जोधपुर के दूसरे दीक्षांत समारोह में कहा, ‘‘हमें और करने की जरूरत है ताकि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी नागरिकों खास तौर से ग्रामीण इलाकों और देश के दूरवर्ती स्थानों पर रह रहे लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं मिले।’’
उन्होंने कहा कि एम्स-दिल्ली के बाद एम्स-जोधपुर छात्रों की पसंदीदा जगह है। उन्होंने कहा, ‘‘एम्स-जोधपुर की स्थापना इस क्षेत्र (दक्षिणी राजस्थान) में स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं तथा चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हुई थी। इसकी सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लागू करने में अहम भूमिका है। एम्स-जोधपुर अत्याधुनिक शोध केंद्र की भूमिका भी निभा रहा है।’’
राष्ट्रपति ने कहा कि संस्थान ने आदिवासी और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर करने का काम भी किया है और उसने 24 लाख से अधिक लोगों को परामर्श दिया है। कोविंद ने छात्रों और डॉक्टरों से अपने कौशल का इस्तेमाल कर दक्षता को बरकरार रखने और लोगों की जिंदगी सुधारने के लिए करने को कहा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने भी छात्रों से जीवन में सफल होने के लिए सच्चाई, प्यार और जुनून जैसे मूल्यों का अनुसरण करने के लिए कहा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस समारोह में उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



