राजस्थान के पुलिस महानिदेशक ओ पी गल्होत्रा ने पुलिसकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहादत देने वाले पुलिस जांबाजों से प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री गल्होत्रा ने आज यहां पुलिस अकादमी में 59वें पुलिस शहीद दिवस समारोह के अवसर पर शहीदों की शहादत को श्रद्दांजलि दी और कहा कि राजस्थान पुलिस के जवानों ने अपनी गौरवशाली परम्पराओं को निभाते हुए सदैव त्याग और कर्तव्यपरायणता की भावना से कार्य किया है।
अपने ध्येय वाक्य सेवार्थ कटिबद्धता को चरितार्थ करते हुए अपने दायित्वों को निभाया है और कठिन परिस्थितियों में सर्वस्व बलिदान भी किया है। उन्होंने कहा कि देश सेवा के लिये त्याग एवं बलिदान की मिसाल कायम करने वाले जांबाज सिपाहियों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के पुलिस अधिकारी करम सिंह के नेतृत्व में 20 जवानों की पुलिस टोली पर हॉट स्प्रिंग्स, लद्दाख में सोलह हजार फुट ऊंचाई पर विषम परिस्थितियों में गश्त के दौरान चीन की सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया।
इस आक्रमण में पुलिस के दस जवान वीर गति को प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि इन वीरों के बलिदान को स्मरण करने एवं उनसे प्रेरणा ग्रहण करने के उद्देश्य से प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस के शूरवीरों की स्मृति में सम्पूर्ण देश में पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। श्री गल्होत्रा ने देश के सभी प्रान्तों, केन्द, शासित प्रदेशों एवं अर्द्ध सैन्य बलों के एक सितम्बर, 2017 से गत 31 अगस्त तक के विभिन्न संवर्ग के 418 शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम एवं उनके नाम का वाचन कर उन्हें सम्मान दिया। श्री गल्होत्रा ने त्रिमूर्ति सर्किल स्थित शहीद स्मारक पर भी वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


Download Android App
Download iOS App



