तमाम कोशिशों के बावजूद देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर राज्य में प्रतिदिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में राजस्थान भी एक है और यहां भी कोरोना के कई एपीसेंटर सामने आये है जिन्होंने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से शुक्रवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गई जिससे राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 100 हो गयी है। इस बीच 64 नये मामले आने से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 3491 हो गयी है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य रोहित कुमार सिंह ने बताया कि अजमेर में एक और संक्रमित की मौत हुई है। इससे राज्य में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 100 हो गयी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
इस बीच राज्य में शुक्रवार दोपहर दो बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 64 नये मामले आए जिनमें जयपुर में 26, जोधपुर व अजमेर में नौ—नौ, कोटा में आठ,पाली में पांच व उदयपुर,अलवर, झालावाड़ में दो-दो नये रोगी शामिल हैं। इससे राज्य में अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या 3491 हो गयी है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है।राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।
वहीं, शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 3390 मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही 1273 मामले ठीक भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब कोरोना रिकवरी रेट बढ़कर 29.36 प्रतिशत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में 216 जिले ऐसे हैं जिनमें कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके अलावा 42 ऐसे जिले हैं जिनमें पिछले 28 दिन से कोई मामला नहीं मिला है वहीं 29 ऐसे जिले हैं जिनमें पिछले 21 दिन से कोई मामला नहीं मिला है। संयुक्त सचिव के अनुसार 36 ऐसे जिले हैं जिनमें पिछले 14 दिन से कोई मामला नहीं मिला है और 46 ऐसे जिले हैं जिनमें पिछले 7 दिन से कोई मामला नहीं मिला है।


Download Android App
Download iOS App



