राजस्थान में समर्थन मूल्य पर मूंग, उड़द खरीद के लिए आनलाइन पंजीकरण मंगलवार से

Summary :

ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था ई-मित्र एवं खरीद केन्द्रों पर प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक की गई है। निर्धारित शुल्क देकर किसान पंजीयन करा सकता है।

राजस्थान में समर्थन मूल्य पर मूंग, उड़द, सोयाबीन व मूंगफली की खरीद के लिये ऑनलाइन पंजीकरण मंगलवार से शुरू हो जायेगा। सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना ने सोमवार को बताया कि 319 केन्द्रों पर मूंग, उड़द व सोयाबीन की एक नवम्बर से तथा 7 नवम्बर से मूंगफली खरीद होनी है। उन्होंने बताया कि मूंग के लिए 150, उड़द के लिए 60, मूंगफली के 72 एवं सोयबीन के लिए 37 खरीद केन्द्र चिह्वित किए गए हैं। 
उन्होंने बताया कि पूर्व वर्ष की तुलना में इस वर्ष 19 खरीद केन्द्र अधिक खोले गये है। आंजना ने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था ई-मित्र एवं खरीद केन्द्रों पर प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक की गई है। निर्धारित शुल्क देकर किसान पंजीयन करा सकता है। 
सहकारिता मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार को मूंग की 3 लाख मीट्रिक टन, उडद 96 हजार, सोयाबीन 3.54 लाख तथा मूंगफली 3.07 लाख टन की खरीद के लक्ष्य भेजे गये है। केन्द्र से अनुमति मिलते ही खरीद शुरू कर दी जाएगी। पंजीकरण के अभाव में किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीद संभव नहीं होगी। 

Desk Team