आमजन से पूछकर बनाई योजनाओं की रूपरेखा : वसुन्धरा राजे

Summary :

NULL

जयपुर : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राज्य सरकार ने गत चार वर्षों में प्रदेश के विकास के कार्यक्रमों की रूपरेखा आमजन से पूछकर तैयार की और लगातार मेहनत कर योजनाओं को सफल बनाया है। श्रीमती राजे आज जालोर विधानसभा क्षेत्र के बिशनगढ़ में आयोजित विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने अधिक से अधिक लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाने का काम किया है, जिसके अब अच्छे परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से तरक्की कर रहा है। इसके लिए बार-बार राज्य के विभिन्न इलाकों का दौरा कर आमजन से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार विकास की योजनाएं तैयार की गई हैं।

उन्होंने कहा ‘सरकार आपके द्वार‘,‘आपका जिला आपकी सरकार’और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से हमें लोगों की अपेक्षाओं की जो जानकारी मिली, उस पर उनको पूरा करने का राज्य सरकार ने प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि नर्मदा नहर से जालोर शहर और उसके आसपास के 14 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने के बाद अब सुन्धामाता से रामसीन तक पेयजल पाइपलाइन को बागरा तक बढ़ने का काम शीघ, ही पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि छह हजार करोड़ रुपये की जवाई बांध जल पुर्नभरण योजना से जालोर जिले को भी पानी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जालोर विधानसभा क्षेत्र में सभी 40 ग्राम पंचायत मुख्यालयों को ग्रामीण गौरव पथ योजना से जोड़ गया है तथा सभी जगह पर स्कूलों को उच्च माध्यमिक स्तर तक क्रमोन्नत कर दिया है। श्रीमती राजे ने जालोर विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सा, शिक्षा, ऊर्जा और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभागों के 17 कार्यों का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों की कुल लागत 68.72 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही उन्होंने लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत के दो सब स्टेशनों और एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द, का शिलान्यास भी किया।

Desk Team