जयपुर : भाजपा के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा लंदन में हाल में की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए आज कहा कि इससे देश की प्रतिष्ठा को चोट पहुंची है। यहां संवाददाताओं से बातचीत में खन्ना ने कहा, ‘राहुल गांधी ने देश को बदनाम करने के लिए विदेश में जो कुछ कहा, वह गंभीर मुद्दा है। वे क्या संदेश देना चाहते हैं?’’ उनका इशारा राहुल गांधी के आईएसआईएस से जुड़े बयान की ओर था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों से कांग्रेस विचलित है, इसलिए पार्टी के नेता देश को बदनाम करने में लगे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस विपक्ष की भूमिका नहीं निभा रही, बल्कि वह नयी दिल्ली व राजस्थान में देश को बदनाम करने में लगी है।’’ इसके साथ ही खन्ना ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा पर पत्थर फेंके जाने की घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ है।पिछले सप्ताह शनिवार को कुछ लोगों ने राजे की जनसभा में हंगामा किया था। इस दौरान कथित तौर पर पत्थर भी फेंके गए लेकिन कोई चोटिल नहीं हुआ। खन्ना के अनुसार राजे की यात्रा को जनता के भारी समर्थन से विपक्ष विचलित है।


Download Android App
Download iOS App



