Rajasthan 12th Result: विज्ञान में प्रीति बनीं स्टेट टॉपर, Arts में चार छात्राएं पहले स्थान पर

Summary :

राजस्थान बोर्ड के 12वीं परिणाम में छात्राओं का दबदबा

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए, जिसमें विज्ञान में प्रीति ने 99.80% अंक प्राप्त कर स्टेट टॉपर बनीं। आर्ट्स में अनुप्रिया, प्रगति, प्रियंका और उर्मिला ने संयुक्त रूप से 99.60% अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स में कंगना ने 99.20% अंक प्राप्त कर टॉप किया।

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने कक्षा 12वीं के परिणामों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष के नतीजों में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला।

बोर्ड द्वारा जारी टॉपर लिस्ट के अनुसार, विज्ञान संकाय में प्रीति ने 99.80 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया है। वह न केवल साइंस स्ट्रीम की टॉपर हैं, बल्कि पूरे राज्य की स्टेट टॉपर भी हैं।

आर्ट्स संकाय में इस बार चार छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। अनुप्रिया राठौड़, प्रगति अग्रवाल, प्रियंका और उर्मिला, इन सभी को 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं, वाणिज्य संकाय (कॉमर्स) में कंगना ने 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष कक्षा 12वीं का कुल पास प्रतिशत शानदार रहा है। आर्ट्स में 97.78 प्रतिशत, कॉमर्स में 99.07 प्रतिशत और साइंस में 98.43 प्रतिशत बच्चे सफल हुए हैं।

बोर्ड सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025 की 12वीं परीक्षा के लिए कुल 8,93,616 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से विज्ञान संकाय में 2,73,984 विद्यार्थी, वाणिज्य संकाय में 28,250 विद्यार्थी और कला संकाय में 5,87,475 विद्यार्थी शामिल थे।

इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में 3,907 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था।

बता दें कि जिन छात्रों ने परीक्षा में सफलता पाई है, उनके चेहरे पर खुशी दिख रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि वे आगे और पढ़कर देश व राज्य का नाम रौशन करना चाहते हैं। साथ ही ज्यादातर छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षक और अपने माता-पिता को दिया।

छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए आरबीएसई की ऑफिसियल वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले अपनी स्ट्रीम के अनुसार रिजल्ट लिंक चुनें। रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें। ‘सबमिट’ पर क्लिक करें। आपका परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।

RBSE 12वीं रिजल्ट जारी: आर्ट्स में 97.70%, कॉमर्स में 99.07% और साइंस में 94.43% स्टूडेंट्स पास

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.