राजस्थान विधानसभा सत्र की मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक दलों के 54 विधायक तीन चार्टर्ड विमान से जयपुर से जैसलमेर रवाना हो गए। सभी विधायक फेयरमोंट होटल से बसों के द्वारा जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। विधायक 14 अगस्त तक जैसलमेर में ही रहेंगे।
जानकारी के अनुसार विधायक चार्टर विमान से जैसलमेर के लिए रवाना हुए तथा उन्हें ले जाने वाला पहला चार्टर विमान जैसलमेर पहुंच गया। इसमें संदीप यादव, वाजिब अली सहित कुछ विधायक शामिल हैं। इसी तरह चार्टर विमान के जरिए विधायकों को जैसलमेर पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान जैसलमेर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इन विधायकों को जैसलमेर की सूर्यागढ़ होटल में ठहराया जायेगा जहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस होटल में कांग्रेस के 53 विधायकों को ठहराया जाएगा। राज्य में 14 अगस्त को विधानसभा सत्र शुरु होगा और तब तक विधायकों की कथित खरीद फरोख्त एवं किसी प्रलोभन से बचाने के लिए ऐसा किया गया हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में चल रहे सियासी संग्राम के चलते गत 14 जुलाई से कांग्रेस विधायक फेयरमोंट होटल में ठहरे हुए थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को कहा था कि जिस रात विधानसभा सत्र की तारीख तय हुई, उसी रात से विधायकों के पास खरीद-फरोख्त के लिए फोन आने लगे हैं और विधायकों के रेट बढ़ गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



