राजस्थान : RS चुनाव से पहले उदयपुर पहुंचे कांग्रेस के 70 विधायक, होटल में ठहराने का लिया गया फैसला

Summary :

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और उसके समर्थक विधायकों के उदयपुर पहुंचने का क्रम जारी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार लगभग 70 विधायक उदयपुर पहुंच चुके हैं।

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और उसके समर्थक विधायकों के उदयपुर पहुंचने का क्रम जारी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार लगभग 70 विधायक उदयपुर पहुंच चुके हैं। राज्य से राज्यसभा की चार सीटों के लिए अब कुल पांच प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें कांग्रेस के तीन, भाजपा का एक व एक निर्दलीय उम्मीदवार है। मतदान 10 जून को होगा। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव से पहले सभी विधायकों को उदयपुर के एक होटल में ठहराने का फैसला किया है। जयपुर से 40 से ज्यादा विधायकों को लेकर एक बस शुक्रवार तड़के 2.30 बजे उदयपुर पहुंची। मंत्री परसादी लाल मीणा, बीडी कल्ला व ममता भूपेश और सुरेश टाक सहित कई निर्दलीय विधायक होटल पहुंच चुके हैं।
अन्य विधायक भी पहुंचेंगे होटल
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के बाकी विधायक भी अपनी सुविधानुसार होटल पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी और रणदीप सिंह सुरजेवाला को मैदान में उतारा है। जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। भाजपा उनका समर्थन कर रही है।

एक उम्मीदवार को जीतने के लिए चाहिए 41 वोट
संख्या बल के हिसाब से राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस अपने 108 विधायकों के साथ दो सीटें व भाजपा 71 विधायकों के साथ एक सीट आराम से जीत सकती है। दो सीटों के बाद कांग्रेस के पास 26 अधिशेष व भाजपा के पास 30 अधिशेष वोट होंगे। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 41 वोट चाहिए। सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेताओं को उम्मीद है कि, सरकार का समर्थन कर रहे अन्य दलों के विधायकों व निर्दलीय विधायकों के समर्थन से वह तीसरी सीट जीत जाएगी।

Desk Team