राजस्थान : भाजपा नेता सतीश पूनियां ने कहा- बहुमत का दम भरते-भरते सरकार खुद बन्धक हो गई

Summary :

राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनियां ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार बहुमत का दम भरते-भरते खुद बन्धक हो गई है।

राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनियां ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार बहुमत का दम भरते-भरते खुद बन्धक हो गई है।
कांग्रेस व उसके समर्थक विधायकों के जयपुर से जैसलमेर जाने पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘बहुमत का दम भरते-भरते सरकार बाड़े में खुद बन्धक हो गई, इसको सबने देखा है और राजस्थान के लिए यह पीड़ादायक है।’’
पूनियां ने दावा किया, ‘‘जो विधायक सरकार के साथ हैं, उन पर भी मुख्यमंत्री को विश्वास नहीं है, हर विधायक पर पुलिस का कड़ा पहरा बैठा रखा है। उनके संवाद पर पाबंदी लगा दी गई है।’’ पूनियां ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री बात लोकतंत्र की करते हैं और उन्होंने तानाशाही रवैया अपनाते हुए विधायकों पर पुलिस का पहरा बैठा रखा है।’’
विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त मामले का जिक्र करते हुए पूनियां ने कहा, ‘‘राजद्रोह का मामला वापस लेने से यह स्पष्ट हो गया कि सरकार इस मामले में गलत थी और गलती कर रही थी, राजद्रोह के मामले को वापस लेना सरकार की नैतिक हार है।’’ राम मंदिर भूमि पूजन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी सनातनी हिन्दुओं के लिए यह गौरव का क्षण है।

Desk Team