राजस्थान CM अशोक गहलोत की एंजियोप्लास्टी हुई, एक धमनी में लगा स्टेंट

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुक्रवार को जयपुर के सरकारी सवाई मान सिंह अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुक्रवार को जयपुर के सरकारी सवाई मान सिंह अस्पताल में एंजियोप्लास्टी हुई। डाक्टरों के अनुसार वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें दो तीन दिन पूर्ण आराम की सलाह दी गई है।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा सुधीर भंडारी ने बताया, ‘ मुख्यमंत्री की तीन मुख्य धमनियों में से एक में 90 प्रतिशत अवरोध मिला। उनकी एक धमनी की एंजियोप्लास्टी हुई। एक धमनी में स्टेंट लगा।’’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गहलोत अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही सामान्य कामकाज करने लगेंगे।
भंडारी ने कहा, ‘ जैसे ही स्टेंट लगा, उनके सारे दिक्कत वाले लक्षण खत्म हो गए। वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। वह एक दो दिन में सामान्य रूप से काम करने लगेंगे।’ गहलोत (70) इस साल अप्रैल में कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। उसके बाद से वह कोरोना के बाद के प्रभावों का सामना कर रहे हैं।
भंडारी ने बताया कि कांग्रेस नेता को गर्दन में दर्द के साथ छाती में हल्का दर्द था, उन्हें छाती, पीठ और दाहिने हाथ में भारीपन के असामान्य लक्षण थे और उनका ईसीजी नॉर्मल था। उन्होंने बताया कि उनके असामान्य लक्षण के साथ उन्हें कार्डियक वर्क-अप की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने सभी जांचों के लिए सहमति व्यक्त की और कहा कि मैं समस्त उपचार एसएमएस अस्पताल में करवाना चाहूंगा क्योंकि एसएमएस के डॉक्टरों और चिकित्सा व्यवस्था में उनका अत्यधिक विश्वास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में आम नागरिक की तरह पंजीकरण करवाया।
उनकी सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी की गई जिसमें मुख्य धमनियों में से एक धमनी में 90 प्रतिशत अवरुद्ध पाये जाने पर एंजियोप्लास्टी की गई और एक धमनी में स्टेंट लगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भर्ती से लेकर स्टेंट लगने तक की सम्पूर्ण निगरानी स्वास्थ्य मंत्री डा रघु शर्मा की देख-रेख में हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘अशोक गहलोत की अच्छी सेहत और जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम जानी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘अशोक गहलोत जी के शीघ्र और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अरमिदंर सिंह ने गहलोत के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी गहलोत के जल्द सेहमतमंद होने की कामना की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’’ इससे पहले गहलोत ने भी ट्वीट के जरिये बताया कि उनकी एंजियोप्लास्टी की जायेगी।
गहलोत ने ट्वीट में कहा कि ‘‘कोविड के बाद मुझे स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही थी और कल (बृहस्पतिवार) से मेरे सीने में तेज दर्द हो रहा था। अभी सवाई मानसिंह अस्पताल में अपना सीटी एनजीओ करवाया है। एंजियोप्लास्टी की जायेगी। ’’ उन्होंने कहा कि ‘‘ मुझे खुशी है कि मै इसे (एंजियोप्लास्टी) सवाई मानसिंह अस्पताल में करवा रहा हूं।
मैं ठीक हूं और जल्द ही वापस आऊंगा। आपका आर्शीवाद और शुभकामनाएं मेरे साथ है।’’ इस बीच मुख्यमंत्री गहलोत की तबीयत नासाज होने का समाचार मिलने पर अनेक नेताओं ने उनकी कुशलक्षेम जानी और सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने गहलोत को फोन किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा व गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत से बात कर मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम जानी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित तमाम नेताओं ने गहलोत के शीघ्र स्वास्थ्यलाभ की कामना की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेता उनकी कुशल क्षेम जानने अस्पताल पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने फोन कर मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली एवं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की हैl

Desk Team