मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में देवस्थान विभाग के 593 मंदिरों में विद्युत सज्जा, रामायण पाठ, दीप दान, महाआरती आदि कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही संत-महंत एवं पुजारियों का सम्मान किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्री रामलला के भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित होने पर राज्य के श्रद्धालुओं के खातिर प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों- जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा एवं अजमेर से अयोध्या के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस सेवा शुरू की जायेगी। इसके साथ ही, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन हेतु 31 मार्च 2024 तक तीन हजार तीर्थयात्रियों को यात्रा करवाई जायेगी तथा रामलला के दर्शन हेतु एक फरवरी 2024 से जयपुर से अयोध्या के लिये विशेष विमान सेवा संचालित होगी। इसके अतिरिक्त राज्य से अयोध्या के लिए स्पेशल रेल सेवाएं भी शुरू की जायेंगी।
शर्मा ने कहा कि इस भव्य अवसर पर सीतामाता वन्य जीव अभ्यारण्य, प्रतापगढ़ में वनपथ, पुलिया निर्माण तथा पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विकास कार्य करवाये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भव के तहत सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 75,000 स्वास्थ्य मेलों का आयोजन तीन माह में किया जायेगा, जबकि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के तहत एक करोड़़ पात्र सदस्यों के विवरण की जांच के बाद कार्ड वितरण का कार्य शुरू किया जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



