Rajasthan Death Case: राजस्थान से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल डीग जिले के बादीपुर गांव में एक मामूली घरेलू विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि दो लोगों की जान चली गई और एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे रविंद्र (25) शराब पीकर घर लौटा था। इस बात को लेकर उसकी पत्नी महिंद्रा के साथ बहस शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रविंद्र ने अपनी पत्नी को थप्पड़ मार दिया। इस घटना से आहत होकर महिंद्रा ने पास के एक पुराने कुएं में कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पत्नी को कुएं में कूदते देख रविंद्र घबरा गया और उसे बचाने के लिए तुरंत उसके पीछे कूद पड़ा। वहीं, अपने भाई और भाभी को बचाने के लिए रविंद्र का छोटा भाई रोहित (21) भी बिना सोचे-समझे कुएं में उतर गया। लेकिन यह बचाव प्रयास तीनों के लिए खतरनाक साबित हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, जिस कुएं में तीनों कूदे थे, वह कई साल पुराना और कीचड़ से भरा हुआ था। कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी थी और नीचे कीचड़ में फंसने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। इसी वजह से दम घुटने से रविंद्र और रोहित की मौत हो गई।
Rajasthan Death Case: महिला की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक रविंद्र और रोहित दम तोड़ चुके थे। वहीं, महिंद्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि रविंद्र की शादी साल 2022 में महिंद्रा के साथ हुई थी और महिंद्रा करीब छह महीने पहले ही अपने ससुराल आई थी। रविंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। वहीं, रोहित हरियाणा के पलवल में एक फैक्ट्री में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था। वह एक महीने की छुट्टी लेकर उसी दिन सुबह अपने गांव लौटा था, लेकिन उसे क्या पता था कि कुछ ही घंटों में इतनी बड़ी घटना हो जाएगी।
Rajasthan Death News: पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद मंगलवार को कामां में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि गुस्से में लिया गया एक छोटा सा फैसला कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।
यह भी पढ़ें: स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर दी धमकी


Download Android App
Download iOS App




