राजस्थान सरकार ने 11 आईएएस व पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक विभाग द्वारा सोमवार देर रात जारी आदेश के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अपर्णा अरोड़ा को अल्पसंख्यक मामले विभाग से हटाकर प्रमुख शासन सचिव (स्कूल शिक्षा व भाषा) पद पर, रोली सिंह को प्रमुख शासन सचिव (कार्मिक विभाग) से हटाकर प्रमुख आवासीय आयुक्त नयी दिल्ली के पद पर तैनात किया गया है।
इसी तरह आईएएस हेमंत कुमार गेरा को कार्मिक विभाग में प्रमुख शासन सचिव जबकि पी रमेश को उदयपुर का संभागीय आयुक्त बनाया गया है। डूंगरपुर जहां हाल ही में युवाओं ने हिंसक प्रदर्शन किया था, वहां के जिला कलेक्टर कानाराम को हटाकर जयपुर में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी) के पद पर तैनात किया गया है। सुरेश कुमार ओला डूंगरपुर के नये जिला कलेक्टर होंगे।
इसी तरह भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी राजीव कुमार दासोत को महानिदेशक (गृह रक्षा) से हटाकर महानिदेशक (जेल) बनाया गया है। वहीं आईपीएस बीएल सोनी अब महानिदेशक (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) होंगे। जय यादव को डूंगरपुर के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर उनकी जगह कालूराम रावत को तैनात किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



