Rajasthan Municipal Elections 2026: राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस पर बढ़त बना ली है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी ने कुल वार्डों में करीब 40.8 % सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 35.3 % वार्ड आए हैं। पिछले निकाय चुनावों की मुकाबले में बीजेपी की हिस्सेदारी बढ़ी है, वहीं कांग्रेस को करीब 5.4 प्रतिशत अंकों का नुकसान हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लेकिन, इस बार के चुनावी नतीजों की तुलना सीधे तौर पर पिछले चुनाव से करना थोड़ा मुश्किल है। इसकी सबसे बड़ी वजह परिसीमन है। परिसीमन के बाद राजस्थान के नगर निकायों में बड़ी संख्या में नए वार्ड बनाए गए हैं, जिससे कुल वार्डों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।
309 नगर निकायों में हुआ चुनाव
राजस्थान में इस बार शहरी निकाय चुनाव तीन स्तरों पर हुए। इनमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका/नगर पंचायत शामिल हैं। नगर निगम बड़े शहरों की व्यवस्था संभालते हैं, जबकि नगर परिषद और नगर पालिकाएं छोटे शहरों और कस्बों के प्रशासन की जिम्मेदारी देखती हैं। 14 सितंबर की शाम 7 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 10,244 वार्डों में से 10 वार्डों के नतीजे आना बाकी थे। चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस पर 566 वार्डों की बढ़त बनाई। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी बड़ी संख्या में जीत दर्ज की और उनके खाते में 2,273 वार्ड आए। इस चुनाव में 40 साल से कम उम्र के मतदाताओं की भी बड़ी भागीदारी रही, जिससे शहरी निकाय चुनावों में युवा मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण नजर आई।
इस बार राजस्थान का चुनावी नक्शा पिछले निकाय चुनाव के मुकाबले काफी बड़ा हो गया। साल 2019 से 2021 के बीच चार चरणों में हुए पिछले निकाय चुनावों में करीब 7,474 वार्ड थे। परिसीमन के बाद इस बार 2,770 नए वार्ड जोड़ दिए गए। इसके साथ ही कुल वार्डों की संख्या बढ़कर करीब 10,244 हो गई। यानी कुल वार्डों में लगभग 37.1 फीसदी की वृद्धि हुई। यही वजह है कि इस बार किसी पार्टी की सीटों की संख्या में हुई बढ़ोतरी को केवल पिछले चुनाव के आंकड़ों से जोड़कर देखना पूरी तस्वीर नहीं बताता। सीटों के साथ-साथ कुल वार्डों में पार्टी की हिस्सेदारी देखना भी जरूरी है।
बीजेपी और कांग्रेस की सीटों में कितने % बढ़ोतरी
पिछले निकाय चुनाव में बीजेपी ने करीब 2,666 वार्ड जीते थे। इस बार उसकी संख्या बढ़कर 4,179 हो गई। यानी बीजेपी के खाते में 1,513 वार्ड ज्यादा आए और उसकी सीटों में करीब 56.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई।
दूसरी तरफ कांग्रेस की सीटें पिछले चुनाव के करीब 3,042 वार्ड से बढ़कर 3,613 हो गईं। कांग्रेस ने भी 571 वार्ड ज्यादा जीते, लेकिन उसकी सीटों में वृद्धि करीब 18.7 फीसदी रही।
निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। पिछले चुनाव में निर्दलीयों के पास करीब 1,672 वार्ड थे, जो इस बार बढ़कर 2,273 हो गए। इस तरह निर्दलीयों की सीटों में करीब 35.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
कुल हिस्सेदारी में बीजेपी आगे
अगर कुल वार्डों में पार्टियों की हिस्सेदारी देखें तो बीजेपी का प्रदर्शन और ज्यादा स्पष्ट हो जाता है। पिछले चुनाव में बीजेपी के पास कुल वार्डों का करीब 35.7 फीसदी हिस्सा था। इस बार यह बढ़कर 40.8 फीसदी हो गया। यानी पार्टी को करीब 5.1 प्रतिशत अंकों का फायदा हुआ।
वहीं कांग्रेस की हिस्सेदारी 40.7 फीसदी से घटकर 35.3 फीसदी रह गई। यानी उसे करीब 5.4 प्रतिशत अंकों का नुकसान हुआ। निर्दलीयों की हिस्सेदारी भी 22.4 फीसदी से मामूली घटकर 22.2 फीसदी रह गई।
यह आंकड़ा इसलिए अहम है क्योंकि राज्य में कुल वार्डों की संख्या करीब 37.1 फीसदी बढ़ी, लेकिन बीजेपी की सीटें उससे कहीं ज्यादा, करीब 56.8 फीसदी की दर से बढ़ीं। इसके उलट कांग्रेस की सीटों में सिर्फ 18.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसी वजह से नए वार्ड जुड़ने के बावजूद कांग्रेस की कुल हिस्सेदारी कम हो गई।
RLP और माकपा का भी प्रदर्शन बेहतर
इस चुनाव में बड़े दलों के अलावा कुछ क्षेत्रीय और छोटे दलों ने भी अपनी स्थिति मजबूत की है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के वार्डों की संख्या 14 से बढ़कर 63 हो गई। पार्टी ने करीब 350 फीसदी की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की। RLP का प्रभाव खासतौर पर राजस्थान के उन इलाकों में माना जाता है जहां जाट मतदाताओं की संख्या अच्छी है। ऐसे में स्थानीय निकाय चुनाव में उसका प्रदर्शन पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।
इसी तरह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी CPI (M) ने भी पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। उसके वार्डों की संख्या 8 से बढ़कर 38 हो गई। यह करीब 375 फीसदी की वृद्धि है। इसके उलट बहुजन समाज पार्टी (BSP) को नुकसान हुआ। पिछले चुनाव में उसके पास 24 वार्ड थे, जो इस बार घटकर 19 रह गए। यानी पार्टी की सीटों में करीब 20.8 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।
भजनलाल सरकार के लिए राजनीतिक संदेश
दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ये नगर निकाय चुनाव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। सत्ता में रहने वाली पार्टी को संगठन, प्रशासन और सरकार के कामकाज के प्रचार का फायदा मिल सकता है, लेकिन नगर निकाय चुनावों में स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवार की छवि, गुटबाजी, आरक्षण और निर्दलीय उम्मीदवार भी काफी असर डालते हैं।
राजस्थान को लंबे समय से एक स्विंग स्टेट के तौर पर देखा जाता है। पिछले निकाय चुनावों के दौरान राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी और उस समय कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। अब सत्ता बदलने के साथ तस्वीर भी बदल गई है और बीजेपी ने शहरी निकायों में बढ़त बना ली है।
कांग्रेस के लिए अभी भी जमीन बाकी
बीजेपी की बढ़त के बावजूद कांग्रेस के लिए तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। पार्टी ने 3,613 वार्डों में जीत हासिल की है। इससे संकेत मिलता है कि राज्य में उसका जमीनी संगठन अभी भी मौजूद है और वह कई इलाकों में बीजेपी को चुनौती देने की स्थिति में है। राजस्थान के शहरी क्षेत्रों को पारंपरिक रूप से बीजेपी का मजबूत आधार माना जाता है। ऐसे में नगर निकाय चुनावों में 4,179 वार्ड जीतना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपनी घटती हिस्सेदारी को रोकना और स्थानीय स्तर पर संगठन को फिर से मजबूत करना होगी।
कुल मिलाकर, इन चुनाव परिणामों ने राजस्थान की शहरी राजनीति में बीजेपी की स्थिति को मजबूत किया है। हालांकि परिसीमन के कारण सीटों की संख्या बढ़ने से पुराने और नए आंकड़ों की तुलना सावधानी से करनी होगी। इसके बावजूद कुल हिस्सेदारी में बीजेपी की बढ़त और कांग्रेस की गिरावट राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति का एक महत्वपूर्ण संकेत जरूर देती है।


Download Android App
Download iOS App




