राजस्थान के जोधपुर में ईद के मौके पथराव की घटना हुई है। पुलिस को हालात काबू करने के लिए बल का भी प्रयोग करना पड़ा। दरअसल यह घटना सोमवार की रात करीब 11 बजे हुई। प्रशासन ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आनन-फानन में इमरजेंसी बैठक भी बुलाई। वहीं इस घटना पर राजनीति भी तेज हो गई है। जोधपुर से बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जालोरी गेट पर धरने पर बैठ गए हैं। तो वहीं राज्यवर्धन सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
नमाज के वक्त ऐसा क्या हुआ
गौरतलब है कि शहर के जालोरी गेट चौराहा पर सोमवार रात को धार्मिक झंडा हटाने के मामले को लेकर हंगामा हुआ था। इसके बाद लगातार हालात बिगड़ते चले गए। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहाकि सुबह के नमाज के वक्त ऐसा क्या हुआ कि कारों में तोड़फोड़ हो गई। इसके बाद घरों पर पत्थर बरसाए गए। महिलाओं का अपमान किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने इसके लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहाकि पुलिस ने इन घटनाओं को रोकने के लिए बचाव का कोई भी एहतियाती कदम नहीं उठाया। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहाकि हमने प्रशासन को सख्त चेतावनी जारी की है। अगर इस घटना को लेकर जरूरी कदम नहीं उठाए तो हम लोग जोधपुर के जालौरी गेट पर विशाल विरोध प्रदर्शन करेंगे।
यह हुई थी घटना
गौरतलब है कि सोमवार रात चौराहे पर स्थित स्वतंत्रता सेनानी बाल मुकुंद बिस्सा की मूर्ति पर झंडा लगाने और चौराहे के सर्किल पर ईद से जुड़े बैनर लगाने से विवाद की शुरुआत हुई। इसके अलावा ईद की नमाज को लेकर चौराहे तक लाउडस्पीकर लगाने को लेकर नाराज लोगों का हुजूम जुट गया। इसके बाद हालात इस कदर बिगड़े कि आज जोधपुर के दस थानाक्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने जन्मदिन के सभी कार्यक्रम स्थगित कर बैठक की है। अधिकारियों को मामले में सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गहलोत ने प्रदेश की जनता से शांति और सहयोग की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



