राजस्थान के 2017 के बहुचर्चित पहलू खान प्रकरण की जांच के लिये गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुरूवार को अपनी रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक को सौंप दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट को शीघ्र मुख्यमंत्री के समक्ष पेश किया जायेगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले की फिर से जांच कराने के निर्देश दिये थे। इसके अलावा, मामले के सभी छह बालिग आरोपियों को बरी करने के अलवर की एक अदालत के पिछले माह के आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील करने के साथ-साथ मामले पर निगरानी रखने का निर्णय लिया था।
एसआईटी का गठन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) की निगरानी में किया गया था। खान हरियाणा का रहने वाला था।
उल्लेखनीय है कि अलवर की जिला अदालत ने 14 अगस्त को पहलू खान भीड़ हत्या मामले में सभी छह बालिग आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। घटना में संलिप्त तीन नाबालिग आरोपियों का मामला किशोर न्याय बोर्ड के पास है।
हाल ही में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पहलू खान प्रकरण में न्यायालय के निर्णय को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की थी और इस प्रकरण के घटनाक्रम और अनुसंधान में रही त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की।


Download Android App
Download iOS App



