श्रीगंगानगर : भारत-पाकिस्तान सीमा से 15 किमी दूर मिला ड्रोन, BSF ने शुरू की जांच

Summary :

भारत-पाक सीमा पर ड्रोन मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा से 15 किमी दूर एक ड्रोन मिला है। स्थानीय लोगों ने इसे देखा और तुरंत पुलिस और बीएसएफ को सूचित किया। दोनों एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दोनों देशों के बीच युद्धविराम की घोषणा की गई थी।

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के 12ए-अनूपगढ़ में एक ड्रोन मिला है। यह ड्रोन भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 15 किलोमीटर दूर मिला है।

स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह 12ए-अनूपगढ़ में एक ड्रोन पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस और बीएसएफ को सूचना दी। अनूपगढ़ पुलिस और बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी है।

भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 15 किमी दूर इलाके में ड्रोन ऐसे समय में मिला है, जब दोनों देशों के बीच हाल ही में युद्धविराम की घोषणा की गई थी।

बता दें कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है।

एयर मार्शल एके भारती ने बताया था कि भारत का लक्ष्य केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था, लेकिन अफसोस की बात है कि पाकिस्तान की सेना ने आतंकियों का समर्थन करते हुए इसे अपनी लड़ाई बना लिया।

उल्लेखनीय है कि 7 से 9 मई के दौरान पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में भारत ने लाहौर समेत पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया।

साथ ही, भारत ने 9-10 मई की रात पाकिस्तान के 11 एयरफोर्स बेस पर जवाबी कार्रवाई की, जिनमें नूर खान, रफीकी, मुरिदके, सुक्कुर, सियालकोट, पसरूर, चुनीयन, सरगोधा, स्कारु, भोलारी और जैकोबाबाद शामिल हैं। यह पहला मौका था, जब किसी देश ने परमाणु क्षमता से लैस राष्ट्र के एयरफोर्स कैंपों को सफलतापूर्वक नुकसान पहुंचाया।

इन हमलों में पाकिस्तान के एफ-16 और जेएफ-17 लड़ाकू विमानों वाले बेसों को नुकसान पहुंचा, जिससे पाकिस्तानी वायुसेना का 20 प्रतिशत इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गया।

वहीं, भोलारी एयरबेस पर हुए हमले में पाकिस्तान के स्क्वाड्रन लीडर उस्मान यूसुफ समेत 50 से अधिक सैन्यकर्मियों की मौत हो गई और कई लड़ाकू विमान नष्ट हो गए।

–आईएएनएस

एफएम/केआर

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.