कर्नाटक में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 30 स्थानों पर छापेमारी

Summary :

राज्य के 7 अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

कर्नाटक में लोकायुक्त ने राज्य सरकार के 7 अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है। बेंगलुरु, तुमकुरु, यादगीर, मंगलुरु और विजयपुरा समेत कई जिलों में छापे मारे गए हैं। इस कार्रवाई में अधिकारियों के आवास और कार्यालयों की तलाशी ली गई है।

लोकायुक्त ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु सहित राज्य के 30 से अधिक स्थानों पर छापा मारा है। निशाने पर राज्य सरकार में कार्यरत 7 सरकारी अफसर हैं। लोकायुक्त के द्वारा राज्य के अधिकारियों के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के बारे में मिली सूचना के बाद छापेमारी की जा रही है। बेंगलुरु में 12 स्थानों, तुमकुरु में 7, यादगीर में 5, मंगलुरु में 4 और विजयपुरा जिले में 4 स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं। इन स्थानों में तुमकुरु में निर्मिति केंद्र के परियोजना निदेशक, मंगलुरु में एक सर्वेक्षण पर्यवेक्षक और डॉ. बी.आर. अंबेडकर विकास निगम से जुड़ी एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के आवास और कार्यालय शामिल हैं। बेंगलुरु शहर और ग्रामीण नियोजन निदेशालय से जुड़े अतिरिक्त निदेशक, लीगल मेट्रोलॉजी से जुड़े एक निरीक्षक, होसाकोटे तालुक कार्यालय में एक द्वितीय श्रेणी सहायक और यादगीर तालुक कार्यालय में एक कर्मचारी के आवास पर भी छापे मारे जा रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट से पूछे 14 सवाल, जानें क्या है पूरा मामला?

कलबुर्गी शहर के अक्कमहादेवी लेआउट इलाके में यादगीर जिले के तहसीलदार के आवास और संपत्तियों की तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों के रिश्तेदारों के परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में लोकायुक्त की ओर से आधिकारिक बयान फिलहाल नहीं आया है।इसके पहले 8 जनवरी को लोकायुक्त अधिकारियों ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कर्नाटक के सात सरकारी अधिकारियों के खिलाफ एक साथ छापेमारी की थी। बेंगलुरु, चिक्कमगलुरु, बीदर, बेलगावी, गडग, ​​बल्लारी, रायचूर, बागलकोट और तुमकुरु 9 जिलों में छापेमारी की गई थी।

31 जनवरी को लोकायुक्त के अधिकारियों ने राज्य के चार जिलों के सात स्थानों पर छापेमारी की थी। बेंगलुरु, बेलगावी, रायचूर और बागलकोट जिलों में एक साथ छापेमारी की गई थी। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सरकारी अधिकारियों के आवासों और संपत्तियों पर छापेमारी की गई थी। इन अधिकारियों में एक प्रभारी उप-पंजीयक भी शामिल था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.