राजस्थान के अलवर में कथित गो-तस्करी के शक में एक और शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस बीच मोदी सरकार के एक मंत्री ने देशभर में हो रही मॉब लिन्चिंग की घटनाओं पर अजीबोगरीब टिप्पणी कर दी है। केन्द्रीय मंत्री और राजस्थान बीजेपी के बड़े नेता अर्जुन राम मेघवाल ने अलवर हिंसा की निंदा की है। अलवर में गोतस्करी के आरोप में भीड़ ने अकबर नाम के शख्स को पीट-पीटकर मार दिया है। हालांकि अर्जुन राम मेघवाल ने इस हिंसा की निंदा करते हुए मॉब लिंचिंग पर कई सवाल भी खड़े किये।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल सीधे तौर पर इसमें साजिश का ऐंगल जोड़ते दिख रहे हैं। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मोदी जी जितना मशहूर होंगे, मॉब लिंचिंग की घटनाएं उतनी ही बढ़ेगी। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि आपको इतिहास खोजना पड़ेगा कि ऐसी घटनाएं क्यों हो रही है। उन्होंने कहा, “बिहार चुनाव के वक्त ये ‘अवॉर्ड वापसी’ था, यूपी चुनाव के वक्त ये मॉब लिंचिंग था, 2019 के चुनाव में ये कुछ और होगा, मोदी जी ने योजनाएं दी और उसका असर दिख रहा है, ये उसका एक रिएक्शन है।”
आपको बता दे कि अलवर के रामगढ़ गांव में गांववालों ने एक शख्स को गो तस्करी के शक पर पीट-पीट कर मार डाला है। अलावड़ा ललावंडी रोप पर कुछ ग्रामीणों ने गाय ले जाते हुए एक युवक को पकड़ लिया. गाय को ले जाते देख गांववालों ने उसे गौ तस्करी के शक के बिनाह पर पीटना शुरू कर दिया और युवक की जान ले ली।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बचाने की कोशिश की लेकिन उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद उसके शव को रामगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस के अधिकारी ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक के पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



