राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को राजस्थान आवासन मण्डल की विधायक आवास परियोजना, कान्स्टीट्यूशन क्लब परियोजना एवं एआईएस परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। गहलोत ने कहा कि विधायकों के आवास की समस्या काफी पुरानी है क्योंकि विधायक आवास काफी पुराने एवं जर्जर हो चुके हैं ।उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारी सरकार ने वर्षों से लंबित विधायकों की इस समस्या का समाधान करते हुए विधायक आवास परियोजना को मंजूरी दी।
गहलोत ने बुधवार को राजस्थान आवासन मण्डल की विधायक आवास परियोजना सहित आवासन मंडल की विभिन्न शिलान्यास एवं शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नए विधायक आवासों में पर्याप्त जगह के साथ विभिन्न सुविधाएं होंगी। इससे विधायकों से मिलने आने वाले उनके क्षेत्र के लोगों को भी परेशानी नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के पास प्रस्तावित कान्स्टीट्यूशन क्लब के निर्माण से पहले आवासन मण्डल के अधिकारी दिल्ली स्थित कान्स्टिट्यूशन क्लब जाकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लें और वैसी ही सुविधाएं यहां विकसित करें।
उन्होंने कहा कि इस क्लब में वर्तमान के साथ पूर्व विधायकों को भी सदस्यता दी जाए। उन्होंने विधायक आवास परियोजना एवं कान्स्टीट्यूशन क्लब दोनों परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। राजस्थान आवासन मण्डल के आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि जयपुर के ज्योतिनगर में विधायकों के लिये 266 करोड़ रूपए की लागत से 24,160 वर्गमीटर क्षेत्र में छह खंड में कुल 160 बहुमंजिला फ्लेट्स निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के नवंबर 2023 तक पूर्ण होने की संभावना है ।


Download Android App
Download iOS App



