नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के अनेक हिस्सों में बूंदाबांदी व बारिश का क्रम अभी जारी रहने का अनुमान है। राज्य में बीते चौबीस घंटे में कई जगह एक से तीन सेंटीमीटर तक बारिश हुई है। जयपुर मौसम केंद्र के प्रवक्ता के अनुसार एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा व आसपास के क्षेत्र में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से शनिवार व रविवार को बीकानेर, चूरू, नागौर व हनुमानगढ़ जिलों में आंधी के साथ अचानक 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने व बारिश होने की संभावना है।
वहीं जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर आगामी तीन, चार दिन दोपहर के बाद आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बीते चौबीस घंटे में राज्य में कहीं-कहीं धूल भरी आंधी व हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान उदयपुर, राजसमंद व चित्तौड़गढ़ में अनेक जगह एक से तीन सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि सबसे अधिक तापमान बीकानेर में 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में शनिवार दोपहर से ही बादल छाए रहे।


Download Android App
Download iOS App



