राजस्थान में जयपुर डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं के लिए लागू तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की अवधि को तीन महीने बढा दिया हैं। जयपुर डिस्कॉम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक आर जी गुप्ता ने आज बताया कि इससे अब इन योजनाओं का लाभ सम्बन्धित उपभोक्ताओं द्वारा आगामी 31 दिसम्बर तक उठाया जा सकता हैं। श्री गुप्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं के अच्छे रुझान के मद्देनजर वीसीआर निस्तारण योजना, विद्युत एमनेस्टी योजना और कृषि उपभोक्ताओं के लिए लागू वीसीआर निस्तारण एवं स्वैच्छिक भार वृद्धि घोषणा योजना की अवधि को बढाया गया है।
विद्युत एमनेस्टी योजना के तहत 31 दिसम्बर तक बकाया राशि एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज एवं पैनल्टी में शत-प्रतिशत छूट देय होगी। योजना के तहत अघरेलू, औद्योगिक एवं मिक्स्ड लोड श्रेणी के 31 मार्च, 2017 तक कटे हुए कनेक्शन के उपभोक्ता तथा घरेलू, कृषि, एसआईपी (ग्रामीण) श्रेणी एवं केन्द, एवं राज्य सरकार के विभागों के किसी भी श्रेणी के विद्युत कनेक्शन के नियमित/कटे हुए कनेक्शन के उपभोक्ताओं को योजना का लाभ मिलेगा चाहे उनके कनेक्शन कभी भी कटे हों।
वीसीआर निस्तारण योजना के तहत उपभोक्ता/गैर उपभोक्ताओं द्वारा गत 31 मार्च तक की लम्बित वीसीआर का 31 दिसम्बर तक बहुत ही सरल तरीके से अंतिम निस्तारण कराया जा सकता है। जिसके तहत 50 हजार रुपए तक की वीसीआर राशि पर 50 प्रतिशत एवं यदि वीसीआर की राशि 50 हजार रुपए से अधिक है तो 50 हजार रुपए का 50 प्रतिशत व 50 हजार से अधिक राशि पर 10 प्रतिशत राशि जमा कर वीसीआर का अंतिम निस्तारण कराया जा सकता है।
कृषि उपभोक्ताओं के लिए वीसीआर निस्तारण एवं स्वैच्छिक भार वृद्धि घोषणा योजना के अन्तर्गत कृषि उपभोक्ताओं के लिए लागू लम्बित वीसीआर निस्तारण योजना के अनुसार 31 दिसम्बर तक कृषि कनेक्शन के नियमित उपभोक्ताओं की लम्बित वीसीआर का मूल निर्धारण राशि कम्पाउणि्डंग एवं सिविल लाईबिलिटी की 10 प्रतिशत राशि जमा कराने पर एकमुश्त निस्तारण कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कृषि उपभोक्ता अपने बढे हुए भार की 31 दिसम्बर तक स्वैच्छिक घोषणा कर उसको नियमित करा सकते है।


Download Android App
Download iOS App



