कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षणों के साथ जयपुर के तीन लोगों को स्थानीय एसएमएस सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर डी एस मीणा ने कहा, ‘‘तीनों को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था । इनके रक्त के नमूने ले लिए गए हैं और रविवार शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है।’’
उन्होंने बताया कि मरीजों को अलग-अलग वार्ड में रखा गया है । इस बीच, अलवर के ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में उन 300 लोगों को रखने के लिए प्रबंध किया गया है जिन्हें चीन के वुहान से यहां लाया जा रहा है । कोरोना वायरस का सबसे अधिक असर वुहान में ही है । यात्रियों के समूह का संभवत: रविवार शाम को अलवर पहुंचने की संभावना है जहां उन्हें अलग वार्ड में रखा जाएगा ।
इस संबंध में केंद्र के साथ समन्वय कर रहे स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी रवि शर्मा ने बताया कि उनके लिए दो हॉस्पिटलों में 300 बेड तैयार किए गए हैं और पर्याप्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है । स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी छबील कुमार ने बताया कि यात्रियों को पृथक रखा जाएगा और 28 दिनों तक उनकी निगरानी की जाएगी ।
उन्होंने कहा, ‘‘ सभी यात्री स्वस्थ हैं और अगर किसी में वायरस के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे जिले के आइसोलेशन वार्ड में भेजा जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि यात्रियों को निगरानी में रखा जाएगा और कोई लक्षण नहीं पाए जाने पर ही उन्हें छुट्टी दी जाएगी ।


Download Android App
Download iOS App



