Udaipur Murder Case: कांग्रेस का बड़ा दावा, कन्हैया हत्याकांड में आरोपी रियाज के BJP नेताओं से संबंध

Summary :

कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि उदयपुर में एक दर्जी की निर्मम हत्या के दो आरोपियों में से एक ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सदस्य’ है..

कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि उदयपुर में एक दर्जी की निर्मम हत्या के दो आरोपियों में से एक ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सदस्य’ है। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने यह सवाल भी किया कि क्या एक आरोपी के ‘भाजपा का सदस्य’ होने के कारण ही केंद्र सरकार ने आनन-फानन में इस मामले की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया? उधर, कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी के इसी तरह के आरोप को खारिज करते हुए भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि यह ‘फर्जी खबर’ है।
क्या केंद्र की भाजपा सरकार ने इन्हीं कारणों से एनआईए को सौंपना मामला 
खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मामले की जांच एनआईए को हस्तांतरित किए जाने का स्वागत किया है, लेकिन नए तथ्य सामने आने पर यह सवाल उठ रहा है कि क्या केंद्र की भाजपा सरकार ने इन्हीं कारणों से इस घटना की जांच को जल्दबाजी में एनआईए को सौंपने का फैसला किया है?’’खेड़ा ने यह भी पूछा, ‘‘क्या भाजपा अपने प्रवक्ताओं एवं नेताओं के जरिये पूरे देश में आग लगाकर ध्रुवीकरण कर चुनावी फायदा उठाने की कोशिश कर रही है?’’
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के दो नेताओं ने फेसबुक पोस्ट में कहा है कि उदयपुर की घटना का एक आरोपी रियाजी अटारी भाजपा का कार्यकर्ता है। रियाज अटारी भाजपा के नेता गुलाब चंद्र कटारिया के कार्यक्रमों में लगातार शामिल होता आया है। उदयपुर के स्थानीय नेता अपने फेसबुक पोस्ट में उसे ‘हमारे कार्यकर्ता रियाज भाई’ कहकर संबोधित करते हैं।’’
कन्हैयालाल का हत्यारा रियाज अटारी भाजपा का सक्रिय सदस्य
खेड़ा ने आरोप लगाया, ‘‘हम समझ सकते हैं कि फेसबुक पर साझा की गई तस्वीरें सामाजिक कार्यक्रमों की भी हो सकती हैं। लेकिन यह फेसबुक पोस्ट स्पष्ट कर रहा है कि कन्हैयालाल का हत्यारा रियाज अटारी भाजपा का सक्रिय सदस्य है।’’ खेड़ा ने कहा, ‘‘पुलवामा में सवाल उठा कि 350 किलोग्राम आरडीएक्स कहां से आया? जवाब नहीं मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि आज सूर्यास्त तक तथाकथित राष्ट्रवादी पार्टी भाजपा उदयपुर की घटना से जुड़े इन सवालों के जवाब देगी।’’ खेड़ा ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय की टिप्पणी सिर्फ नुपुर शर्मा के लिए नहीं है। यह टिप्पणी भाजपा के लिए है। भाजपा और उसके नेता ध्रुवीकरण का माहौल बनाते हैं।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या अब भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री चुप रहेंगे?’’
अमित मालवीय ने कहा
इससे पहले, कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने ट्विटर पर कुछ खबरों के स्क्रीन-शॉट साझा करते हुए आरोप लगाया था कि उदयपुर की घटना का एक आरोपी भाजपा का सदस्य है। इस पर अमित मालवीय ने कहा, ‘‘मैं हैरान नहीं हूं कि आप फर्जी खबर फैला रही हैं। उदयपुर की घटना से जुड़े हत्यारे भाजपा के सदस्य नहीं थे। उन्होंने उसी तरह से भाजपा में घुसपैठ करने की कोशिश की, जैसे लिट्टे के हत्यारों ने राजीव गांधी की हत्या के लिए कांग्रेस में शामिल होने का प्रयास किया था।’’ मालवीय ने कहा, ‘‘कांग्रेस को आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर लोगों को मूर्ख बनाना बंद करना चाहिए।’’
गौरतलब है कि उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल के एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर ग्राहक बनकर आए दो लोगों-रियाज अटारी और गौस मोहम्मद ने मंगलवार को उसकी दुकान में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

Desk Team