जोधपुर हिंसा पर UN ने दिया बयान, उम्मीद है कि विभिन्न समुदाय के लोग साथ मिलकर करेंगे काम

Summary :

राजस्थान के जोधपुर जिले के जालोरी गेट चौराहे पर सोमवार देर रात झंडा हटाने को लेकर हुआ विवाद अब संयुक्त राष्ट्र भी पहुंच गया है।

राजस्थान के जोधपुर जिले के जालोरी गेट चौराहे पर सोमवार देर रात झंडा हटाने को लेकर हुआ विवाद अब संयुक्त राष्ट्र भी पहुंच गया है। इस विवाद को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विभिन्न समुदाय के लोग साथ मिलकर काम करेंगे और भारत सरकार तथा सुरक्षाबल यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी अपने त्यौहार आदि शांतिपूर्वक मना सकें। हालांकि स्थिति अब शांतिपूर्ण बनी हुई है इलाके में भारी संख्या में सुरक्षित बल तैनात है। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद है और शहर के 10 पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू है।  
हमें उम्मीद है कि विभिन्न समुदाय साथ मिलकर काम करेंगे : महासचिव के उप प्रवक्ता
यूएन महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने मंगलवार को कहा, हमें उम्मीद है कि विभिन्न समुदाय साथ मिलकर काम करेंगे और सरकार तथा सुरक्षाबल यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी अपने त्यौहार और अन्य गतिविधियां शांतिपूर्वक मना सकें। जोधपुर में हुई हिंसा की घटनाओं पर महासचिव की प्रतिक्रिया के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में हक ने यह बयान दिया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है और अधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अब तक 97 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस विवाद में पुलिस अब तक 97 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इससे पहले इलाके में शांति स्थापित करने के लिए जोधपुर के कार्यपालक मजिस्ट्रेट राजकुमार चौधरी ने मंगलवार दोपहर शहर दस थाना क्षेत्रों- उदयमंदिर, सदर कोतवाली, सदर बाजार, नागोरी गेट, खांडा फलसा, प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, देवनगर, सूरसागर और सरदारपुरा में मंगलवार दोपहर एक बजे से बुधवार, चार मई की मध्यरात्रि तक कर्फ्यू के आदेश जारी किए।

Desk Team