राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र में आज तड़के अज्ञात बदमाश सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नोटों से भरी एटीएम मशीन उखाड़ कर ले गये।
पुलिस के अनुसार बदमाशों ने एटीएम उखाडऩे से पहले वहां पर तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर उसको रस्सी से बांध दिया। एटीएम मशीन में चार लाख तेरह हजार आठ सौ रूपये थे।
थानाधिकारी राज कुमार ने बताया कि आसींद थाना क्षेत्र के मोड के निम्बाहेडा गांव में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम लगा हुआ है जहां गार्ड भी तैनात था। उन्होंने बताया कि आज तड़के लगभग साढे तीन चार बजे चार पांच बदमाश एक पिकअप में बैठकर वहां पहुंचे और एटीहएम में सो रहे गार्ड को जगाकर उसके साथ मारपीट की और उसे रस्सी से बांध दिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया और मशीन को रस्सी से बांधकर पिकअप से खींचकर उखाड दिया और मशीन को पिकअप में रखकर फरार हो गये।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद एटीएम में रस्सियों से बंधे गार्ड ने किसी तरह अपना मुंह खोल कर चिल्लाया जिस पर वहां से गुजर रही गश्ती गाडी ने मौके पर पहुंच कर गार्ड को मुक्त कराया। पुलिस ने घटना के बाद जिले में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है तथा बैंक प्रबंधन को सूचित किया है।


Download Android App
Download iOS App



