राजस्थान के शहरी विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह मतदाताओं से कहते दिख रहे हैं कि यदि उन्हें वोट नहीं दिया तो वह आत्महत्या कर लेंगे। हालांकि, मंत्री ने बाद में इसे मजाक में कही गई बात करार दिया। कृपलानी का यह वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
निम्बाहेडा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कृपलानी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं से उन्हें वोट देने की अपील की। वीडियो में वह निम्बाहेडा के ग्रामीण इलाके में कुछ लोगों को संबोधित करने के दौरान यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि ‘‘अगर आप मुझे नहीं जिताओगे तो मैं खुदकुशी कर लूंगा जहर खा कर।’’
राजस्थान : BJP ने चार मंत्रियों सहित 11 बागियों को पार्टी से निकाला
मंत्री से इस बारे में जब उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिये संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मजाकिया लहजे में ऐसा कहा था। कृपलानी ने बताया, ‘‘यह चीज मैंने मजाक और हल्के मूड में बोली थी लेकिन किसी ने इसका वीडियो बना लिया।”
तीन बार विधायक रह चुके कृपलानी ने 2013 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 45.09 प्रतिशत मतों के साथ अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार उदयलाल आंजना को 3,370 मतों से हराकर विजय हासिल की थी। आंजना को 43.38 प्रतिशत वोट मिले थे। इस बार भी यहां कृपलानी व आंजना चुनाव लड़ रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



