आज पूरे देश में बड़े ही धूम-धाम से राधा अष्टमी मनाई जा रही है। अगर आप भी इस शुभ दिन पर राधा जी को चढ़ाने के लिए कुछ स्पेशल बनाना चाहते हैं, तो घर पर आसानी से बनाएं ये ड्राई फ्रूट्स मावा पेड़ा, जो खाने में बेहद टेस्टी होता है और भोग के लिए भी एक बेस्ट ऑप्शन है। इसकी खास बात तो ये है कि इसे बनाने में बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती है और ये कम समय में बनकर तैयार हो जाता है, तो चलिए यहां इसे बनाने का तरीका और कुछ टिप्स के बारे में जानते हैं।
मावा ड्राई फ्रूट पेड़ा बनाने का तरीका

सामग्री
- मावा / खोया: 400 ग्राम
- पिसी चीनी या बूरा: 150 ग्राम
- देशी घी: 2 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- ड्राई फ्रूट्स (बारीक कटे हुए)
- केसर के धागे: 8-10
मावा ड्राई फ्रूट पेड़ा बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए एक भारी तले की कढ़ाई लें और उसमें 1 चम्मच घी गर्म करें। फिर इसमें कद्दूकस किया हुआ मावा डालें।
- मावे को लगातार चलाते हुए 5 से 7 मिनट तक भूनें, जब तक कि इसका कच्चापन खत्म न हो जाए और यह हल्का सॉफ्ट न हो जाए।
- जब मावा कढ़ाई छोड़ने लगे और घी अलग दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें।
- अब मावे को एक बर्तन में निकाल कर पूरी तरह से ठंडा होने दें।
- जब मावा ठंडा हो जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर, और आधे बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला लें।
- इसे हाथों से अच्छी तरह मसलकर एकसार चिकना कर लें।
- अब इस मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा हाथ में लें और छोटे-छोटे गोल बॉल बनाकर हथेलियों के बीच हल्का सा दबाकर पेड़े का आकार दें।
- तैयार पेड़े के ऊपर बचे हुए कटे हुए बादाम और पिस्ता चिपकाएं।
- अगर आप चाहें तो बीच में केसर का एक धागा भी रख सकते हैं।
पेड़ा बनाने के लिए जरूरी टिप्स
- हमेशा ताजे मावे का इस्तेमाल करें। अगर मावा बहुत ज्यादा सूखा है, तो भूनते समय 1 चम्मच दूध या मलाई मिला सकते हैं।
- मावे में चीनी हमेशा ठंडा होने के बाद ही मिलाएं, वरना चीनी पिघल जाएगी और मिश्रण गीला हो जाएगा जिससे पेड़े का आकार नहीं बनेगा।
- अगर आपको हलवाई जैसा दानेदार पेड़ा चाहिए, तो पिसी चीनी की जगह बूरा का इस्तेमाल करें।
- इन पेड़ों को आप एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखकर 7 से 10 दिनों तक खा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




