इस वजह से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज हुई रद्द

Summary :

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दी है।

पिछले दिनों खौफनाक आतंकी संगठन तालिबान के अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है, जिसके बाद से देश में तहलका मच गया है। वैसे इसका असर अब खेल जगत पर भी देखने को मिल रहा है,  अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दी है। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति और साजो सामान व तैयारियों से जुड़े मसलों के कारण यह फैसला किया गया है। 
अफगानिस्तान को तीन सितंबर से श्रीलंका में पाकिस्तान की मेजबानी करनी थी लेकिन अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को पाकिस्तान में इस श्रृंखला का आयोजन करने पर सहमति जतायी थी।
लेकिन शाम तक घटनाक्रम बदल गया और एसीबी इस नतीजे पर पहुंचा कि फिलहाल श्रृंखला को स्थगित करना ही उचित रहेगा क्योंकि उसके खिलाड़ियों को देश के शासन में बदलाव के कारण तैयारियों के लिये पर्याप्त समय नहीं मिला है। काबुल हवाई अड्डे से उड़ानें भी निलंबित हैं।
इस दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट करके लिखा, ‘हमनें अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) की रिक्वेस्ट के बाद वनडे सीरीज को स्थगित करने का फैसला किया है। एबीसी ने हमसे कहा था कि, उनके खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ, काबुल में फ्लाइट सम्बंधी दिक्कतों, ब्रॉडकास्ट सुविधाओं की कमी और श्रीलंका में कोविड-19 के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए ये सीरीज स्थगित कर दी जाए। दोनों देश अब 2022 में इस सीरीज को आयोजित करने की कोशिश करेंगे। 

मालूम हो, दोनों टीम्स के बीच खेली जानी वाली यह वनडे सीरीज आईसीसी वर्ल्ड कप सुपर लीग का हिस्सा थी। अफगानिस्तान में खेल को लेकर जारी अनिश्चितता पर तालिबान पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि वह मेंस क्रिकेट में हस्तक्षेप नहीं करेगा।
  

Desk Team