नयी दिल्ली : भारत और दिल्ली के तेज गेंदबाज परविंदर अवाना ने आज क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। अवाना ने अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच नवंबर 2016 में खेला था। जल्द ही 32 बरस के होने वाले अवाना ने ट्विटर पर लिखा , ‘‘ भारत और डीडीसीए का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत ही गर्व की बात रही। मुझे लगता है कि यह सही समय है कि युवा खिलाड़ियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। मुझे अपना कौशल दिखाने के लिए मंच मुहैया करने पर मैं डीडीसीए के सभी चयनकर्ताओं और सीनियर खिलाड़ियों को धन्यवाद देता हूं। अवाना ने नौ साल तक दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया और 2012 की घरेलू श्रृंखला में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए दो टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले लेकिन विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।
यह तेज गेंदबाज 2012 से 2014 तक तीन सत्र किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से आईपीएल खेला। अवाना ने 62 प्रथम श्रेणी मैचों में 29.23 की औसत से 191 विकेट चटकाए। उन्होंने 44 लिस्ट ए और 61 टी 20 मैच भी खेले। उन्होंने 2007 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ प्रथम श्रेणी पदार्पण किया और अगले ही मैच में महाराष्ट्र के खिलाफ हैट्रिक बनाई। अवाना ने सोशल मीडिया पर संदेश में दिल्ली के अपने साथी तेज गेंदबाजों आशीष नेहरा , सुमित नारवाल , प्रदीप सांगवान और इशंत शर्मा को भी धन्यवाद दिया।


Download Android App
Download iOS App



