पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज अहमद शहजाद के डोप में संलिप्त होने की पुष्टि हुई है जिसके लिये उन्हें नोटिस सौंप दिया गया है। शहजाद के नमूनों की जांच भारत स्थित वाडा की मान्यता प्राप्त लैब में की गयी थी। शहजाद को उनके टेस्ट के दो महीने बाद नोटिस जारी किया गया है और अगले 14 दिनों में उनके पास अपनी दलील देने का समय होगा। शहजाद का फैसलाबाद में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में 50 ओवर प्रारूप के पाकिस्तान कप के दौरान औचक टेस्ट हुआ था। हालांकि 20 जून को मीडिया में जारी खबरों में उनके डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाये जाने का खुलासा हो गया था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। पीसीबी ने जून में घोषणा की थी कि एक खिलाड़ को डोप टेस्ट में फेल पाया गया है, लेकिन बोर्ड ने उसके नाम की घोषणा नहीं की थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) ने ट्विटर अकाउंट पर कहा’ पीसीबी को डोपिंग मामले पर स्वतंत्र समीक्षा बोर्ड रिपोर्ट प्राप्त हो गयी है। क्रिकेटर शहजाद को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया है। पीसीबी इस मामले में शहजाद को नोटिस जारी करेगा। 26 साल के ओपनिंग बल्लेबाज पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिये प्रयास कर रहे हैं लेकिन जून में उन्होंने स्कॉटलैंड में दो मैचों की टी-20 सीरीज में खेला था जहां उन्होंने 38 रन बनाये थे। इस सीरीज में पाकिस्तानी टीम विजयी रही थी।


Download Android App
Download iOS App



