बुलावायो : पाकिस्तान ने तीसरे एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां जिंबाब्वे को नौ विकेट से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की विजयी बढ़त बना ली। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज फहीम अशरफ ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर पांच विकेट चटकाए जिससे मेजबान टीम सिर्फ 67 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान के खिलाफ यह जिंबाब्वे का अब तक का सबसे कम स्कोर है। साथ ही क्वीन्स स्पोर्ट्स क्लब में हुए 78 वनडे मैचों में भी यह न्यूनतम स्कोर है। इसके जवाब में पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज फखर जमां के नाबाद 43 रन की बदौलत 9 .5 ओवर में एक विकेट पर 69 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की।
जिंबाब्वे ने एक फिर टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन दूसरे ओवर से ही उसके विकेटों पर पतन शुरू हो गया। पदार्पण कर रहे प्रिंस मासवोरे एक रन बनाने के बाद उस्मान खान की उछाल लेती गेंद पर कैच दे बैठे। अशरफ जब 10 वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए तो मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन था। उन्होंने पीटर मूर (01) को स्लिप में बाबर आजम के हाथों कैच कराया और फिर चामू चिभाभा (16) को पगबाधा किया। उन्होंने एल्टन चिगुंबुरा (09), रेयान मरे (08) और रिचर्ड नगार्वा (01) को भी पवेलियन भेजा।


Download Android App
Download iOS App



