नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने कहा कि प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ियों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मुहैया करना उनका सपना है और तेंदुलकर मिडिलसेक्स ग्लोबल अकादमी (टीएमजीए) का शुरू होना इस क्षेत्र में एक बड़ा कदम है। तेंदुलकर ने पीटीआई से कहा, ‘‘ प्रतिभावान भारतीय खिलाड़ियों को इंग्लैंड जाने और वहां मिडिलसेक्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिलेगा। इसमें ऐसे बच्चों पर ध्यान दिया जाएगा जो समाज के कम संपन्न परिवारों से आते है। हम उन्हें सभी सहायता प्रदान करने की कोशिश करेंगे जो वह खुद वहन नहीं कर सकते।’’ यह पता चला है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को 100 प्रतिशत छात्रावृति दी जाएगी। टीएमजीए की योजना तेंदुलकर के घरेलू शहर मुंबई के अलावा विभिन्न देशों में अपने केंद्र खोलने की है।
इस करार के लिए लंदन की काउंटी को चुनने की वजह पूछे जाने पर तेंदुलकर ने कहा, ‘‘ अपने खेलने के दिनों में जब भी मैं ब्रिटेन में होता था, तो मैं मिडिलसेक्स अकादमी में सबसे ज्यादा अभ्यास करता था। इसलिए मुझे वहां की सुविधाओं के बारे में पता है। वे इस विचार के साथ पिछले साल मेरे पास आये थे। ’’ मुंबई में अकादमी मानसून के बाद नवंबर मे शिविर लगायेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ जब हमने अकादमी शुरू करने के बारे में सोचा, तो हम इसे मुंबई से ही करना चाहते थे लेकिन मानसून के कारण हम नवंबर में शिविर आयोजन करने की योजना बना रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



